अशोकनगर-: गरीबों को मिलने वाले राशन में गड़बड़ी की आशंका एक बार फिर अशोकनगर में सामने आई है। प्रशासन ने देर रात शहर से दूर स्थित एक चावल के गोदाम पर छापा मारकर 300 क्विंटल चावल जब्त किया है। चावल खुला होने के कारण यह साफ नहीं हो सका है कि स्टॉक पीडीएस का है या नहीं, लेकिन प्रशासन को इसके पीडीएस दुकानों से एकत्र होने की आशंका है।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सहित फूड विभाग और नॉन टीम मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों के अनुसार यदि जांच में चावल का संबंध पीडीएस से साबित होता है, तो यह सीधे तौर पर गरीबों के हक के राशन में सेंध का मामला होगा। जिले में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अशोकनगर में सैकड़ों क्विंटल पीडीएस चावल पकड़ा जा चुका है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद राशन वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एसडीएम सुभ्रता त्रिपाठी ने बताया कि “मौके से बड़ी मात्रा में चावल मिला है। चावल खुला होने से तत्काल पहचान संभव नहीं है। फूड विभाग को जांच के निर्देश दिए गए हैं और पीडीएस दुकानों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद ही खुलासा हो पायेगा की ये चावल पीडीएस का है या नही। फिलहाल चावल को जब्त कर लिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
#newsupdate24.in
